गौतमबुद्धनगर: खुला गड्ढा बना मौत का कुआँ: ग्रेटर नोएडा में 6 वर्षीय अव्यान सूर्या की दर्दनाक मौत, प्राधिकरण पर उठे सवाल!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित कलाधाम सोसाइटी में शनिवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सोसाइटी परिसर में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा बोरवेल के लिए खोदे गए खुले और गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से 6 वर्षीय मासूम अव्यान सूर्या की मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, अव्यान सूर्या पुत्र सिवान यादव शनिवार शाम सोसाइटी परिसर में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह बोरवेल के लिए खोदे गए उस गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था। सबसे बड़ी बात यह रही कि गड्ढे के चारों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार का सुरक्षा घेरा या चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। खेलते-खेलते बच्चा अचानक गड्ढे में गिर गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग बच्चे को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही कलाधाम सोसाइटी में मातम पसर गया और रहवासियों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर प्राधिकरण और संबंधित एजेंसियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
यह हादसा इसलिए भी बेहद गंभीर माना जा रहा है क्योंकि कुछ समय पहले सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में भी प्राधिकरण की लापरवाही चर्चा का विषय बनी थी। उस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई दावे किए गए थे, लेकिन कलाधाम सोसाइटी की घटना ने उन दावों की हकीकत सामने ला दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हादसों के बावजूद प्राधिकरण सुरक्षा मानकों का पालन कराने में नाकाम साबित हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों और सोसाइटी के निवासियों के अनुसार, बोरवेल के लिए खोदा गया गड्ढा लंबे समय से खुला पड़ा था। उसमें बारिश का पानी भर गया था, लेकिन इसके बावजूद न तो उसे ढका गया और न ही आसपास किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई। यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि 25 जुलाई 2026 की शाम थाना क्षेत्र की कलाधाम कॉलोनी में 6 वर्षीय अव्यान सूर्या खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में गिरकर डूब गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यदि किसी विभाग, एजेंसी या जिम्मेदार अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद कलाधाम सोसाइटी के लोगों में दहशत और गुस्सा दोनों है। रहवासियों का कहना है कि विकास कार्यों के दौरान सुरक्षा नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है और उसकी कीमत आम नागरिकों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है। लोगों ने मांग की है कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान इस तरह की लापरवाही की भेंट न चढ़े।।
