रविवार, 19 जुलाई 2026

दिल्ली-यूपी पुलिस के संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन ने बचाई युवक की जान, कालिंदी कुंज यमुना ब्रिज से लगाई थी छलांग!!

शेयर करें:

दिल्ली-यूपी पुलिस के संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन ने बचाई युवक की जान, कालिंदी कुंज यमुना ब्रिज से लगाई थी छलांग!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। शनिवार शाम करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच कालिंदी कुंज के पास दिल्ली सीमा क्षेत्र स्थित यमुना ब्रिज से एक युवक द्वारा नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और नोएडा की थाना सेक्टर-126 पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। थाना प्रभारी सुमनेश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों के सहयोग से संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।

यमुना नदी के तेज बहाव के बीच पुलिस और गोताखोरों की टीम ने पूरी मुस्तैदी के साथ युवक की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समय पर शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया और युवक की जान बच गई। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान जिनेंद्र पुत्र शिवकुमार (35 वर्ष), निवासी ए-28, हर्ष विहार, हरिनगर एक्सटेंशन, थाना बदरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है।

इस रेस्क्यू अभियान में दिल्ली पुलिस, नोएडा की थाना सेक्टर-126 पुलिस और गोताखोरों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। दोनों राज्यों की पुलिस के बेहतर समन्वय और त्वरित निर्णय के चलते युवक को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस और गोताखोरों की तत्परता की सराहना की। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।