गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: बिसरख पुलिस ने दो शातिर बदमाश दबोचे, चोरी की 8 बाइक और अवैध चाकू बरामद!!
दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना बिसरख पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफोड़ करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 8 मोटरसाइकिलें तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नोएडा के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाने का काम करते थे।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना बिसरख पुलिस ने 10th एवेन्यू, गौर सिटी-2 की सर्विस रोड पर घेराबंदी कर दो आरोपियों कुशलवीर और सनी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान कुशलवीर के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। बरामद वाहनों में कई ऐसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं जिनके संबंध में दिल्ली और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी कुशलवीर निवासी अलीगढ़ (वर्तमान पता क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद) और सनी निवासी बिसरख, गौतमबुद्धनगर हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। कुशलवीर पर गाजियाबाद, बिसरख और दिल्ली में वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सनी के खिलाफ भी बिसरख और दिल्ली में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर, पैशन प्रो, होंडा लीवो और टीवीएस अपाचे जैसी बाइक शामिल हैं। इसके अलावा एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।
इस संबंध में थाना बिसरख में मु0अ0सं0 473/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।।
