लखनऊ :
बुजुर्ग महिला से चेन लूटने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, स्कूटी व ₹9,200 बरामद,भेजे गए जेल।।
दो टूक: राजधानी लखनऊ के थाना गोमतीनगर पुलिस और पूर्वी जोन की क्राइम/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹9,200 नकद और वारदात में प्रयुक्त काले रंग की स्कूटी (UP32BD8161) बरामद की है।
विस्तार:
थाना गोमतीनगर इंस्पेक्टर के अनुसार 16 जुलाई 2026 को बुजुर्ग महिला राजकुमारी के साथ गोमतीनगर क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटना हुई थी। बदमाशों ने पीछे से धक्का देकर उन्हें गिराया और गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे। पीड़िता की शिकायत पर स्थानीय थाना गोमतीनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज एवं जांच शुरू की कर दी, पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 18 जुलाई को सहारा ओवरब्रिज, गोमतीनगर के पास से आकाश उर्फ राजन शुक्ला (19) निवासी बाराबंकी तथा अमित अवस्थी (26) निवासी शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटी गई सोने की चेन को विकासनगर स्थित मणप्पुरम फाइनेंस में ₹23,700 में गिरवी रखकर रकम अपने एक फरार साथी के खाते में मंगाई थी, जिसे बाद में तीनों ने आपस में बांट लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से कुल ₹9,200 बरामद किए हैं तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी कब्जे में लेकर सीज कर दी है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) एवं 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
