शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में 80 लाख की नारकोटिक दवाओं का बड़ा जखीरा पकड़ा, अवैध गोदाम पर छापेमारी में दो गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में 80 लाख की नारकोटिक दवाओं का बड़ा जखीरा पकड़ा, अवैध गोदाम पर छापेमारी में दो गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। नोएडा में अवैध रूप से संग्रहित मादक दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औषधि विभाग और एएनटीएफ (दिल्ली) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 80 लाख रुपये मूल्य की नारकोटिक दवाओं का जखीरा बरामद किया है। सेक्टर-123 स्थित एक अवैध गोदाम पर देर रात की गई छापेमारी में ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम जैसी प्रतिबंधित श्रेणी की दवाओं की भारी खेप जब्त की गई। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

औषधि निरीक्षक जयसिंह ने बताया कि 23 और 24 जुलाई 2026 की रात एएनटीएफ दिल्ली के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की चौकी सेक्टर-122 के अंतर्गत अंबेडकर सिटी, सेक्टर-123 स्थित मकान संख्या A-130A पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान वहां से ट्रामाडोल (Tramadol) और अल्प्राजोलम (Alprazolam) युक्त मादक दवाओं का अवैध भंडारण मिला।

कार्रवाई के दौरान टीम ने ₹79,94,013 (करीब 80 लाख रुपये) मूल्य की दवाएं जब्त कीं। मौके से शिव नारायण झा, निवासी निराला ग्रीनशायर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट तथा अमन शर्मा, निवासी विहान विला फेज-1, ग्रेटर नोएडा वेस्ट को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि बरामद दवाओं के नमूने परीक्षण एवं रासायनिक विश्लेषण के लिए सुरक्षित रखते हुए संबंधित प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच के आधार पर यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह अवैध दवाएं किन राज्यों में सप्लाई की जा रही थीं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

औषधि विभाग के अनुसार मादक दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी प्रकार की संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।।