गौतमबुद्धनगर: लिफ्ट देकर लाखों की ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब: महिला समेत दो गिरफ्तार, कार से गांजा बेचने का भी खुलासा!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने राहगीरों को सस्ती लिफ्ट का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बीटा-2 पुलिस ने दोनों के कब्जे से 1.5 किलोग्राम गांजा, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और ठगी से प्राप्त 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर में घूम-घूमकर इसी कार से गांजे की पुड़ियों की सप्लाई भी करते थे।
गोपनीय सूचना पर पुलिस ने दबोचा गिरोह
थाना बीटा-2 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर अंसल कट स्थित गंदे नाले के पास छापेमारी कर रतन और बरखा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने कई वारदातों का खुलासा किया।
लिफ्ट के बहाने बनाते थे शिकार
पुलिस के अनुसार आरोपी राह चलते लोगों को कम किराये या अन्य लालच देकर अपनी कार में बैठाते थे। रास्ते में मौका मिलते ही उनसे नकदी और कीमती सामान ठग लेते थे। इस तरह आरोपी अवैध तरीके से मोटी रकम कमाकर लंबे समय से वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
दो बड़ी ठगी की वारदातों का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर परीचौक से टप्पल ले जाने के बहाने एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये की ठगी की थी। वहीं थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में सेक्टर-72 से सेक्टर-19 छोड़ने के बहाने एक अन्य व्यक्ति से करीब 1.50 लाख रुपये ठग लिए थे। इन घटनाओं के संबंध में संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
कार से करते थे गांजे की सप्लाई
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार से दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर गांजे की पुड़ियों की बिक्री करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम गांजा भी बरामद किया है।
ये हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी रतन और दिल्ली के शाहदरा निवासी बरखा के रूप में हुई है। रतन वर्तमान में गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में रह रहा था।
बरामदगी
- 1 किलो 500 ग्राम गांजा
- वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार
- ठगी से प्राप्त 2,500 रुपये नकद
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।।
