लखनऊ :
घर से जेवर चोरी करने वाली नौकरानी हुई गिरफ्तार,10 लाख का माल बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली आलमबाग क्षेत्र चन्दन नगर में घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने के जेवर चोरी करने वाली घरेलू नौकरानी रिंकी
से पुलिस ने पूछताछ एवं चोरी के दस लाख के सोने के आभूषण बरामद करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार महिला के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
विस्तार :
आलमबाग इस्पेक्टर के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र चंदर नगर निवासी नितिन नैय्यर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 जुलाई को वह और उनकी पत्नी रोज की तरह निजी नौकरी पर गए थे। शाम को घर लौटने पर अलमारी का लॉक टूटा मिला और उसमें रखे सोने के जेवर गायब थे। इन्होने अपनी घरेलू नौकरानी पर अशंका जताई थी। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 24 जुलाई को रिंकी को उसके आवास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि घर में काम करने के दौरान उसे आभूषण रखने की जानकारी हो गई थी। मौका पाकर उसने अलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात चोरी कर लिया। निशानदेही पर पुलिस ने एक हार, दो जोड़ी झुमके, दो कंगन, एक जेंट्स चेन, दो लंबे टप्स, एक मंगलसूत्र और दो छोटे टप्स सहित सभी सोने के आभूषण बरामद कर लिए। बरामदगी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में आलमबाग पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का पूरा माल 24 घंटे के भीतर बरामद हो गया।
