गौतमबुद्धनगर: जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में चूक, चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित!!
दो टूक//नोएडा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतना चार पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने गढ़ी चौखंडी चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, जंतर-मंतर की ओर जा रहे नेताओं को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए फेस-3 थाना क्षेत्र में विशेष ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों की कार्यशैली और अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही सामने आई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया ड्यूटी में गंभीर कोताही की पुष्टि होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में गढ़ी चौखंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रोहित कुमार, मुख्य आरक्षी सुनील यादव, उपनिरीक्षक गौरव तथा उपनिरीक्षक अनिल कुमार शामिल हैं। इनमें थाना फेस-3 और एसओजी में तैनात पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा ड्यूटी जैसे संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी में कोताही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में जवाबदेही सर्वोपरि है और ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर की लापरवाही पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।।
