गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में मोबाइल लुटेरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 25 छीने गए मोबाइल, अवैध हथियार और फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक समेत दो शातिर गिरफ्तार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 छीने गए मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई को ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ रही मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस ने बुधवार को ग्राम गुर्जरपुर रेलवे अंडरपास के पास चेकिंग अभियान के दौरान दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान फैजान पठान (23 वर्ष) निवासी तिरथली, थाना रबूपुरा, गौतमबुद्धनगर तथा फरमान (22 वर्ष) निवासी झाझर, थाना ककोड़, जनपद बुलंदशहर (मूल निवासी खुर्जा नगर) के रूप में हुई।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नॉलेज पार्क और ग्रेटर नोएडा के व्यस्त इलाकों में राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही मोबाइल छीनकर फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक से फरार हो जाते थे। बाद में महंगे मोबाइल फोन औने-पौने दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के मोबाइल किन लोगों को बेचे जाते थे और इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।
पुलिस ने की बड़ी बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने:
- 25 विभिन्न कंपनियों के छीने गए मोबाइल फोन,
- दो अवैध तमंचे (.315 बोर),
- दो जिंदा कारतूस,
- फर्जी नंबर प्लेट लगी एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। साथ ही दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल स्नैचरों के गिरोह पर बड़ा प्रहार हुआ है और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत होगा।।
