गौतमबुद्धनगर: जिला कारागार में व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण: बंदियों को मिल रही विधिक सहायता, चिकित्सा व भोजन गुणवत्ता का लिया गया जायजा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 30 अप्रैल 2026।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत ने गुरुवार को जिला कारागार गौतमबुद्धनगर का मासिक निरीक्षण करते हुए वहां निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता, चिकित्सा सेवाओं एवं भोजन व्यवस्था का गहनता से निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में किया गया।
निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन की ओर से बताया गया कि वर्तमान में जिला कारागार में कुल 2514 बंदी निरुद्ध हैं। सचिव ने पुरुष बैरकों में पहुंचकर बंदियों से सीधे संवाद किया और उनके मुकदमों की प्रगति, अधिवक्ताओं की उपलब्धता तथा विधिक सहायता से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। बंदियों ने बताया कि उन्हें निजी या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अधिवक्ता उपलब्ध कराए गए हैं। इस दौरान सचिव ने बंदियों से संबंधित रिकॉर्ड एवं कार्डों का भी अवलोकन किया और उन्हें नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने कारागार स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया। जनरल वार्ड में भर्ती बंदियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और चिकित्सीय सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। सचिव ने चिकित्सा व्यवस्थाओं को संतोषजनक बनाए रखने के निर्देश दिए।
भोजन व्यवस्था की गुणवत्ता जांचने के लिए पाकशाला का भी निरीक्षण किया गया, जहां बंदी स्वयं ही अन्य बंदियों के लिए भोजन तैयार करते पाए गए। सचिव ने भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार एवं जेलर संजय साही सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कुल मिलाकर निरीक्षण में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।।
