बुधवार, 22 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: श्रम विभाग की बड़ी कार्रवाई: 25 संविदाकारों के लाइसेंस निरस्त, श्रमिक हितों पर सख्त रुख!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: श्रम विभाग की बड़ी कार्रवाई: 25 संविदाकारों के लाइसेंस निरस्त, श्रमिक हितों पर सख्त रुख!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 21 अप्रैल 2026: जनपद में श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा और औद्योगिक इकाइयों में अनुशासन बनाए रखने के लिए श्रम विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग द्वारा जारी नोटिसों का जवाब न देने वाले 25 संविदाकारों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य संविदाकारों को सख्त संदेश मिला है कि श्रम कानूनों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपर श्रमायुक्त गौतमबुद्धनगर राकेश द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में औद्योगिक शांति बनाए रखने और श्रमिकों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से श्रम विभाग लगातार निरीक्षण और प्रवर्तन की कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्यरत संविदाकारों के खिलाफ श्रम कानूनों के उल्लंघन की शिकायतें और अनियमितताएं सामने आई थीं, जिसके चलते उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे।

उन्होंने बताया कि जिन संविदाकारों ने विभाग द्वारा जारी नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 25 लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। इसके साथ ही इन संविदाकारों की सूची कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESI) और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (PF) को भी भेज दी गई है, ताकि संबंधित संस्थाएं अपने-अपने अधिनियमों के तहत जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कर सकें।

अपर श्रमायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनपद में श्रमिकों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। औद्योगिक इकाइयों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, श्रम कानूनों के पूर्ण अनुपालन और अवैध गतिविधियों में लिप्त संविदाकारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई को श्रमिक हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल श्रमिकों को सुरक्षा और अधिकारों का लाभ मिलेगा, बल्कि औद्योगिक वातावरण में पारदर्शिता और अनुशासन भी सुनिश्चित होगा।।