गौतमबुद्धनगर: आंगनवाड़ी केंद्रों पर PTM से जुड़ाव बढ़ा, बच्चों के समग्र विकास पर हुआ विशेष फोकस!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 21 अप्रैल 2026,
दो टूक// ग्रेटर नोएडा, बिसरख ब्लॉक के अंतर्गत बादलपुर सेक्टर स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों पर मंगलवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान तीन आंगनवाड़ी केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभिभावकों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे बच्चों के विकास को लेकर अभिभावकों की जागरूकता और सहभागिता स्पष्ट रूप से नजर आई।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक पूजा और सुपरवाइजर विनोद कुमारी ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए अभिभावकों को पीटीएम के उद्देश्य और महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह आयोजित होने वाली यह बैठक बच्चों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें शिक्षा, पोषण और व्यवहारिक विकास जैसे पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाती है।
इस माह आयोजित पीटीएम में नव नामांकित बच्चों का स्वागत किया गया, वहीं “पोषण पाठशाला” के माध्यम से अभिभावकों को संतुलित आहार और बच्चों के सही पोषण के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, खेल-आधारित गतिविधियों के जरिए बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है, इस पर भी विशेष जोर दिया गया।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों को यह समझाया कि खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया बच्चों के लिए अधिक प्रभावी होती है, जिससे उनकी रुचि बनी रहती है और सीखने की क्षमता में भी वृद्धि होती है। इस पहल को अभिभावकों ने सराहा और नियमित रूप से पीटीएम में भाग लेने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रेणु, रूमी शर्मा, ममता, रेखा, ऊषा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। बैठक के अंत में अभिभावकों और शिक्षकों के बीच सकारात्मक संवाद हुआ, जिसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।।
