रविवार, 21 जून 2026

गोण्डा- एआरटीओ ने की बड़ी कार्रवाई, 20 दोपहिया व 5 बड़े वाहन जब्त, 150 वाहनों का चालान, नो हेलमेट/नो डीएल अभियान के तहत हुई कार्रवाई

शेयर करें:
गोण्डा- जनपद में सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से परिवहन एवं यातायात विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। एआरटीओ (प्रशासन) आरसी भारतीय ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि “नो हेलमेट, नो डीएल” अभियान के अंतर्गत सीओ ट्रैफिक एवं टीआई गोंडा के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा शहर एवं प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया गया। 
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, ड्राइविंग लाइसेंस न रखने, यातायात संकेतों की अवहेलना करने, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन संचालन तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान कुल 20 दोपहिया वाहनों तथा 5 बड़े वाहनों को विभिन्न अनियमितताओं के कारण जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 150 वाहनों का चालान भी किया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।
एआरटीओ (प्रशासन) आरसी भारतीय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। अधिकांश दुर्घटनाएं लापरवाही एवं नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं भी नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।