शुक्रवार, 19 जून 2026

गोण्डा- इटियाथोक के अयाह चौराहे पर सड़क से सटे विजली पोल से रात में टकराई बाइक, जड़ से टूटा पोल, बाइक क्षतिग्रस्त, बाइक सवार 1 की मौत दूसरा घायल

शेयर करें:
गोण्डा- इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत इटियाथोक- बाबागंज रोड पर अयाह चौराहे पर बीती आधी रात को हुए भीषण मार्ग दुर्घटना में एक युवक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। घायल का इलाज गोंडा नगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार को अयाह गन्ना सेंटर के पास रहने वाले अरविंद यादव के पौत्र के बरही संस्कार पर आयोजित भोज में शामिल होने के लिए देर रात में बिरमापुर गांव के सम्मयदीन वर्मा के पुत्र मिथुन (25) और इटियाथोक रेलवे स्टेशन के पुराने गेट के पास रहने वाले श्रवण कुमार शिक्षक के सुपुत्र गए हुए थे। आधी रात के करीब अपाचे बाइक से दोनों युवक अपने घर वापस लौट रहे थे। अयाह चौराहे पर सड़क किनारे लगे एलटी बिजली के पोल में तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक टकरा गई। दुर्घटना में पोल का निचला हिस्सा पूरी तरह से टूट गया, साथ ही बगल में ग्राम पंचायत द्वारा रखी गई सीमेंट की बेंच का भी कुछ हिस्सा टूट गया। इस दुर्घटना में मिथुन वर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि श्रवण कुमार का पुत्र गंभीर घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया और पुलिस व परिजनों को मामले की सूचना दी गई। इस दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पीएम के लिए भेजा है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य हो रहा है, जबकि अभी सड़क किनारे लगे पोल को नहीं हटाया गया है, जिस वजह यह दुर्घटना हुई है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि बाइक काफी अधिक गति में होने की वजह से यह दुर्घटना हुई है। इटियाथोक पावर हाउस के अवर अभियंता अंकुर सिंह ने कहा कि एस्टीमेट बना दिया गया है, बाबागंज की तरफ से पोल शिफ्टिंग का काम लोक निर्माण विभाग करवा रहा है, जल्द ही सभी पोल हटाए जाएंगे।