गौतमबुद्धनगर: विकास प्रदर्शनी में संस्कृति और विकास का संगम, लोक नृत्यों ने बांधा समां; ‘सेल्फी विद पीएम’ और निबंध प्रतियोगिता रहे आकर्षण का केंद्र!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा, 18 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गौतमबुद्धनगर में आयोजित तीन दिवसीय "विकास प्रदर्शनी" के दूसरे दिन विकास, संस्कृति और जनजागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91 में आयोजित इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा और आमजन पहुंचे तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने विशेष आकर्षण बटोरा। संस्कृति विभाग के सहयोग से नव अंशिका फाउंडेशन के सांस्कृतिक दल ने लोक नृत्य, लोक गीत और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की समृद्ध विरासत को जीवंत कर दिया। कार्यक्रमों के दौरान पूरा परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया तथा दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
वहीं, विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा "विकसित भारत अभियान" विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पंचशील बालक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा 10ए के शाश्वत पांडे ने प्रथम, अमन खान ने द्वितीय तथा ओम दुबे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी के अंतिम दिन 19 जून को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी स्थल पर स्थापित ‘सेल्फी विद पीएम’ पॉइंट भी लोगों के बीच खासा लोकप्रिय रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री के कटआउट के साथ सेल्फी लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
प्रदर्शनी में सूचना, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, उद्योग, श्रम, पशुपालन, मत्स्य, वन एवं सेवायोजन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से आगंतुकों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, वहीं पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी मौके पर ही पूरी की जा रही है।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में विकास प्रदर्शनी में पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करें तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।।
