नोएडा सेक्टर-128 में नाले से मिला अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव, इलाके में मची सनसनी!!
नोएडा। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-128 स्थित सुल्तानपुर गांव के पास सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव पड़े होने की सूचना मिली। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना प्राप्त होते ही थाना सेक्टर-126 पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस की मौजूदगी में शव को नाले से बाहर निकालने की प्रक्रिया की गई। प्रथम दृष्टया शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिसके चलते उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मृतक संभवतः नशे की हालत में पुलिया पर बैठा होगा और संतुलन बिगड़ने के कारण नीचे नाले में गिर गया होगा। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारी कर रही है। वहीं, मृतक की शिनाख्त के प्रयास भी किए जा रहे हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जाएगा, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। थाना सेक्टर-126 पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।।
