अम्बेडकर नगर :
इंस्पेक्टर श्रीनिवास पाण्डेय का मिर्जापुर तबादला,अपराधियों पर रहे भारी,
यादगार रहा कार्यकाल।
।।पूनम तिवारी।
दो टूक : अंबेडकरनगर जनपद के थाना भीटी के प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय का मिर्जापुर जनपद के लिए स्थानांतरण हो गया। लगभग दो वर्षों के शहर कोतवाल अकबरपुर कोतवाली, थानाध्यक्ष इब्राहिमपुर और बेहद न्यून कार्यकाल भीटी में उन्होंने अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर अपनी अलग पहचान बनाई। उनके नेतृत्व में कई चर्चित अपराधियों की गिरफ्तारी हुई,वहीं पुलिस मुठभेड़ों एवं हाफ एनकाउंटर सहित फुल इनकाउंटर की कार्रवाई ने अपराधियों में खौफ पैदा किया।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया।क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की धरपकड़ तथा संवेदनशील मामलों के सफल निस्तारण को लेकर उनका कार्यकाल काफी चर्चित रहा।
स्थानांतरण पर श्री पाण्डेय ने कहा," अकबरपुर कोतवाली सहित भीटी की जनता का स्नेह और सहयोग मेरे लिए अमूल्य है।पुलिस की वर्दी का उद्देश्य जनता की सेवा और कानून का राज स्थापित करना है,जिसके लिए मैं सदैव प्रतिबद्ध रहूंगा।"
उनके स्थानांतरण की खबर से क्षेत्र के अनेक लोगों ने मिश्रित भावनाएं व्यक्त कीं। लोगों का कहना है कि उनके कार्यकाल में अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगा और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
कैप्शन: दो वर्षों के सफल एवं चर्चित कार्यकाल के बाद मिर्जापुर के लिए स्थानांतरित हुए प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय भावुक दिखे। इस दौरान उनके लिए भीटी थाने पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें प्रभारी निरीक्षक भीटी केबी सिंह,निरीक्षक सचिन्द्र यादव,उपनिरीक्षक जयमूरत,उपनिरीक्षक रोहित कुमार राय सहित सभी कर्मचारी गण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
●नवागत इंस्पेक्टर के बी सिंह ने भीटी का संभाला कार्यभार,टीम के साथ मीटिंग कर जानी हकीकत।
नवागत प्रभारी निरीक्षक के बी सिंह ने शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। चार्ज संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नवागत प्रभारी निरीक्षक ने कहा, "अपराध और अपराधियों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी। फरियादियों को त्वरित न्याय और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
उन्होंने जनता से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस-जन सहभागिता से ही सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है। सूत्रों के अनुसार केबी सिंह तेजतर्रार और ईमानदार निरीक्षक के रूप में जाने जाते हैं। इसके पूर्व चार्ज में रहते हुए उन्होंने अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने में सुर्खियां बटोरी हैं। उनके आने से भीटी सर्किल की की पुलिसिंग और मजबूत होगी ऐसी चर्चा जोरों पर है।
