शुक्रवार, 12 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सीएम युवा योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बैंक समयबद्ध करें ऋण वितरण : सीडीओ भालचंद्र त्रिपाठी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सीएम युवा योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बैंक समयबद्ध करें ऋण वितरण : सीडीओ भालचंद्र त्रिपाठी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 12 जून 2026। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक (एजीएम), जिला स्तरीय बैंकिंग अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सहायक आयुक्त उद्योग वत्स ने योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया लगातार संचालित की जा रही है। उन्होंने अवगत कराया कि कुछ बैंकों की प्रगति निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप नहीं है, जिसके कारण पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

इस पर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली इस महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी बैंक अपने निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराएं।

सीडीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री युवा योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें उद्यमिता की ओर प्रेरित करना है। इसलिए योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैंक एवं विभागीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए नियमित समीक्षा की जाए, ताकि लक्ष्य समय से पूरे किए जा सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि जनपद के अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना से लाभान्वित कर रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जाए और युवा शक्ति को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाया जाए।

बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक (एजीएम), उद्योग विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।