शुक्रवार, 12 जून 2026

गौतमबुद्धनगर को मुख्यमंत्री योगी की बड़ी सौगात, जेवर एयरपोर्ट तक शुरू हुई इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन बस सेवा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर को मुख्यमंत्री योगी की बड़ी सौगात, जेवर एयरपोर्ट तक शुरू हुई इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन बस सेवा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 12 जून 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गौतमबुद्धनगर वासियों को बड़ी सौगात देते हुए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक संचालित होने वाली 45 इलेक्ट्रिक और 3 हाइड्रोजन बसों को वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 15 जून तक तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों में 110 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रारंभ हो जाएगा और भविष्य में यात्रियों की मांग के अनुरूप इनकी संख्या बढ़ाकर 500 तक की जाएगी।

लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ग्रीन मोबिलिटी और सस्टेनेबल डेवलपमेंट का विजन दिया है। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के शहरों और गांवों को पेट्रोल-डीजल मुक्त इलेक्ट्रिक परिवहन सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सुविधाजनक और स्वच्छ परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से उत्पन्न चुनौतियों के बीच स्वच्छ और हरित परिवहन व्यवस्था समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से पूर्व शुरू की गई यह बस सेवा यात्रियों को बेहतर लास्ट माइल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी और नेट जीरो लक्ष्य की प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र आज आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। ऐसे में विश्वस्तरीय और पर्यावरण हितैषी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जहां मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं, वहां इलेक्ट्रिक बसों का संचालन लास्ट माइल कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में हुए आधारभूत ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश ने सड़क और हवाई संपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे प्रदेश के रूप में नई पहचान बना चुका है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये नए उत्तर प्रदेश के विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं।

बेहतर एयर कनेक्टिविटी पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट विकसित किया जा रहा है, जो भविष्य में यात्रियों के साथ-साथ कार्गो और एमआरओ हब के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, कुशीनगर और नोएडा सहित पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो सेवाओं का संचालन हो रहा है और 17 नगर निगम क्षेत्रों में 700 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें पहले से संचालित हैं। उन्होंने कहा कि पहले इलेक्ट्रिक बसें बाहर से मंगानी पड़ती थीं, लेकिन अब टाटा मोटर्स और अशोक लीलैंड जैसी कंपनियों ने प्रदेश में ही विनिर्माण इकाइयां स्थापित कर दी हैं, जिससे आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूती मिल रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में तीन हाइड्रोजन बसों के संचालन की भी शुरुआत की। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी द्वारा उपलब्ध कराई गई इन बसों के लिए ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन सीवर के पानी से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में हाइड्रोजन आधारित परिवहन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार नेट जीरो लक्ष्य हासिल करने के लिए विश्व बैंक की सहायता से 2741 करोड़ रुपये की लागत से उत्तर प्रदेश क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट (यूपी-कैंप) संचालित कर रही है। इसके तहत ऊर्जा संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की जा रही हैं।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा के शुभारंभ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क को मजबूत कनेक्टिविटी मिलेगी। यह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और नागरिक सुविधाओं के अनुरूप सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी, जिलाधिकारी मेधा रूपम सहित तीनों प्राधिकरणों और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

गौतमबुद्धनगर में शुरू हुई यह ग्रीन मोबिलिटी पहल न केवल जेवर एयरपोर्ट तक यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाएगी, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन के नए युग की शुरुआत भी करेगी।।