शुक्रवार, 12 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी, नोएडा-ग्रेटर नोएडा को मिली 100 एसी इलेक्ट्रिक बसों की सौगात!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी, नोएडा-ग्रेटर नोएडा को मिली 100 एसी इलेक्ट्रिक बसों की सौगात!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लिए संचालित की जा रही इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ करते हुए 11-11 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रदेश सरकार की इस पहल से लाखों यात्रियों को राहत मिलने के साथ ही ग्रीन मोबिलिटी को भी बढ़ावा मिलेगा।

लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वित्त मंत्री सतीश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, औद्योगिक विकास आयुक्त तथा परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की।

वहीं, नोएडा के सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट में आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी एवं सतीश पाल, विशेष कार्याधिकारी क्रांति शेखर सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा यूपीएसआरटीसी के अधिकारी, विभिन्न आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस नई सेवा के प्रथम चरण में नोएडा क्षेत्र में 50, ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 25 तथा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 25 बसों सहित कुल 100 अत्याधुनिक वातानुकूलित (एसी) इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, भविष्य में यात्रियों की मांग के अनुरूप इस सेवा का विस्तार करते हुए बसों की संख्या 500 तक बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

आम जनता, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों का किराया किफायती रखा गया है। यात्रियों को दूरी के आधार पर 20 रुपये, 30 रुपये और अधिकतम 50 रुपये का किराया देना होगा। सभी बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार किया जाएगा। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग जैसी आधुनिक डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

पूरी तरह इलेक्ट्रिक तकनीक पर आधारित ये बसें शून्य प्रदूषण आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देंगी। इनके संचालन से वायु और ध्वनि प्रदूषण में कमी आने के साथ-साथ सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव भी कम होगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए इन बसों का संचालन चार प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा। इनमें बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, बॉटनिकल गार्डन से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बॉटनिकल गार्डन से कलेक्ट्रेट सूरजपुर (फेज-2 मार्ग होते हुए) तथा बॉटनिकल गार्डन से नया बस अड्डा गाजियाबाद शामिल हैं। इन रूटों से स्थानीय निवासियों, आईटी सेक्टर के कर्मचारियों, विद्यार्थियों और औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

प्रदेश सरकार की यह पहल न केवल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह ई-बस सेवा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लाखों यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुलभ और आरामदायक यात्रा का बेहतर विकल्प साबित होगी।।