गौतमबुद्धनगर: लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगई का पुलिस ने किया पर्दाफाश, टोलकर्मी से मारपीट और बैरियर तोड़ने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, चार लग्जरी कारें बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगई का पुलिस ने किया पर्दाफाश, टोलकर्मी से मारपीट और बैरियर तोड़ने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, चार लग्जरी कारें बरामद। दादरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टोल प्लाजा पर हंगामा करने, टोलकर्मी के साथ मारपीट करने और टोल बूम बैरियर तोड़कर फरार होने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चार कारों को भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को लुहारली टोल प्लाजा के मैनेजर ने थाना दादरी में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि काले रंग की स्कॉर्पियो कार में सवार कुछ युवकों ने टोलकर्मी के साथ गाली-गलौज की, उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने टोल प्लाजा का बूम बैरियर भी क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दादरी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया।
इसके बाद पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 12 जून 2026 को थाना क्षेत्र के कोट गांव के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन यादव पुत्र धर्मवीर यादव, सौरभ पुत्र विनोद तथा आकाश पुत्र सतीश के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम बम्हैटा, थाना वेव सिटी, जनपद गाजियाबाद के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चार वाहनों को भी बरामद किया है। इनमें बिना नंबर प्लेट की दो काली स्कॉर्पियो कारें, बिना नंबर प्लेट की नई काली थार तथा सफेद रंग की ब्रेजा कार (नंबर यूपी-14 एचए-3750) शामिल हैं। बरामद वाहनों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना दादरी में मु0अ0सं0-256/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दादरी पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि सार्वजनिक स्थलों पर कानून व्यवस्था भंग करने, सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।।
