सोमवार, 15 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: कानून व्यवस्था में लापरवाही पर पुलिस कमिश्नर का सख्त रुख, बादलपुर कोतवाल अमित कुमार लाइन हाजिर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कानून व्यवस्था में लापरवाही पर पुलिस कमिश्नर का सख्त रुख, बादलपुर कोतवाल अमित कुमार लाइन हाजिर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सख्ती देखने को मिली है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) अमित कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों और कार्यों में कथित लापरवाही के आधार पर की गई है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस कमिश्नर कार्यालय को पिछले कुछ समय से बादलपुर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों में पुलिस की कार्यप्रणाली, क्षेत्रीय निगरानी और घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर सवाल उठाए गए थे। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उच्च अधिकारियों द्वारा मामले की समीक्षा की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया शिकायतों में तथ्य पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कमिश्नरेट में कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनता की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। हालांकि, उनके स्थान पर फिलहाल किसी नए प्रभारी निरीक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है। माना जा रहा है कि पुलिस विभाग जल्द ही बादलपुर थाने के लिए नए कोतवाल की तैनाती कर सकता है।

गौरतलब है कि पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह समय-समय पर पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करती रही हैं। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से लगातार निरीक्षण और मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में बादलपुर थाना प्रभारी के खिलाफ हुई यह कार्रवाई पूरे पुलिस महकमे के लिए एक स्पष्ट संदेश मानी जा रही है कि ड्यूटी में लापरवाही और जन शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस कमिश्नरेट की इस कार्रवाई के बाद बादलपुर क्षेत्र में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि नए नेतृत्व के साथ क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पुलिस-जन संवाद को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।।