लखनऊ में गूंजा जेवर के किसानों का सम्मान, योगी बोले- किसानों के त्याग और विधायक धीरेन्द्र सिंह के प्रयासों से साकार हुआ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट!!
दो टूक//लखनऊ/जेवर। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी पुश्तैनी भूमि समर्पित करने वाले जेवर क्षेत्र के किसान परिवारों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग, पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। यह अवसर केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं था, बल्कि विकास, विश्वास और किसान सम्मान की एक नई गाथा का प्रतीक बन गया।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर क्षेत्र के किसानों के त्याग और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी विश्वस्तरीय परियोजना को धरातल पर उतारने में किसानों के सहयोग और विधायक धीरेन्द्र सिंह की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
इस अवसर पर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि वह यहां केवल जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि उन हजारों किसान परिवारों की भावनाओं के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित हैं, जिन्होंने प्रदेश और राष्ट्र के विकास के लिए अपनी भूमि समर्पित की है। उन्होंने कहा कि किसान के लिए भूमि केवल संपत्ति नहीं, बल्कि उसकी पहचान, विरासत और आने वाली पीढ़ियों का आधार होती है।
उन्होंने कहा, "जेवर के किसानों ने आज अपनी ही जमीन पर बने विश्वस्तरीय एयरपोर्ट से लखनऊ तक की हवाई यात्रा कर इतिहास रच दिया। कल तक जिन हाथों में हल और दरांती होती थी, आज उन्हीं हाथों में बोर्डिंग पास देखकर गर्व की अनुभूति होती है। यह केवल यात्रा नहीं, बल्कि किसानों के संघर्ष, सम्मान और बदलते उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर है।"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें वह समय भली-भांति स्मरण है, जब प्रदेश मंत्रिमंडल से स्वीकृति मिलने के बावजूद जेवर एयरपोर्ट परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी। उन्होंने स्वयं क्षेत्र का दौरा कर किसानों से संवाद स्थापित किया और विकास की संभावनाओं से उन्हें अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा, "उस समय किसानों में विश्वास कायम करने और सरकार तथा किसानों के बीच मजबूत संवाद स्थापित करने में विधायक धीरेन्द्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज उसी का परिणाम है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट विश्वस्तरीय परियोजना के रूप में इतिहास रच रहा है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में जेवर क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं के मामले में काफी पिछड़ा हुआ था, लेकिन आज वही क्षेत्र उत्तर प्रदेश के विकास का प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। आने वाले समय में जेवर वैश्विक निवेश, व्यापार, कृषि निर्यात और आधुनिक उद्योगों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सेमीकंडक्टर यूनिट, मेडिकल डिवाइस पार्क, विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थान तथा अन्य बड़े निवेश प्रस्तावित हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही किसानों की कृषि उपज को वैश्विक बाजारों तक पहुंचने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, "प्रदेश सरकार किसानों के साथ कभी सौदेबाजी नहीं करती, बल्कि उन्हें उनका न्यायोचित अधिकार दिलाने का कार्य करती है। सरकार किसानों के सम्मान, हितों और भविष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"
उन्होंने घोषणा की कि जेवर डिग्री कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यमुना प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विधायक धीरेन्द्र सिंह का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने किसानों और सरकार के बीच विश्वास का सेतु बनकर कार्य किया तथा परियोजना को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए। रोही गांव के किसान जयवीर सिंह ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट ने पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं। चरण सिंह ने इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का नया द्वार बताया।
डॉ. हिरा राशिद ने कहा कि उनके पिता की जमीन एयरपोर्ट परियोजना में गई थी, जिसकी वजह से आज वह एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना ने उनके परिवार को आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
महेंद्र शर्मा ने कहा कि एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है और व्यापार व निवेश के नए रास्ते खुले हैं। वहीं अशोक शास्त्री ने इसे विकास, आधुनिकता और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की नई पहचान बताया।
हंसराज सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले और वर्तमान उत्तर प्रदेश में जमीन-आसमान का अंतर दिखाई देता है। आज कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्यों ने गति पकड़ी है। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं बदलते उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुकी हैं।
जफर नेताजी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का इंजन साबित होगा, जबकि श्रीमती रीता सिंह ने कहा कि कभी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने वाला यह क्षेत्र आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
वहीं सरदार सिंह ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट देश की सबसे बड़ी विकास परियोजनाओं में से एक है, जिससे पूरे गौतमबुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम का समापन मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने तथा उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ हुआ। मुख्यमंत्री आवास पर जेवर के किसानों का यह सम्मान समारोह विकास की उस नई गाथा का प्रतीक बन गया, जिसमें किसान केवल सहभागी ही नहीं, बल्कि परिवर्तन के वास्तविक नायक बनकर उभरे हैं।।
