गौतमबुद्धनगर: फोटो वायरल करने की धमकी से युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में तीन आरोपी गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा युवती के संपादित (एडिट किए गए) फोटो सोशल मीडिया और इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी जा रही थी, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई और उसने रेलवे ओवर ब्रिज से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 जून 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना सेक्टर-58 में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी पुत्री नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी पहचान आयुष शर्मा से हुई, जिसने अपने दो साथियों सौरभ उपाध्याय और अभिनव उपाध्याय के साथ मिलकर युवती से दोस्ती की। आरोप है कि बाद में तीनों ने युवती के एडिट किए गए फोटो इंटरनेट और फेसबुक पर वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, आरोपियों की धमकियों और दबाव के चलते युवती अत्यधिक मानसिक तनाव में आ गई और उसने रेलवे ओवर ब्रिज से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-58 पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना सेक्टर-58 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए रविवार, 14 जून 2026 को मामले में वांछित तीनों आरोपियों को सेक्टर-57 स्थित सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष शर्मा (22 वर्ष) पुत्र ब्रह्म कुमार शर्मा, निवासी ग्राम महमदपुर जाटान, थाना चम्पा, जनपद हाथरस (वर्तमान पता बिशनपुरा, थाना सेक्टर-58, गौतमबुद्धनगर), सौरभ उपाध्याय (23 वर्ष) पुत्र राजेश उपाध्याय, निवासी थाना सदर कोतवाली, जनपद हाथरस (वर्तमान पता सेक्टर-35, मोरना, थाना सेक्टर-24, गौतमबुद्धनगर) तथा अभिनव उपाध्याय (23 वर्ष) पुत्र राजेश उपाध्याय, निवासी थाना सदर कोतवाली, जनपद हाथरस के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना सेक्टर-58 में मु0अ0सं0-190/2026 के तहत धारा 108, 332(सी), 351(3), 74 एवं 75 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह मामला सोशल मीडिया के दुरुपयोग और ऑनलाइन धमकियों के गंभीर परिणामों को उजागर करता है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धमकी, ब्लैकमेलिंग या मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़े तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाया जा सके।।
