गौतमबुद्धनगर: दोस्ती को किया शर्मसार, कड़े हथियाने की साजिश में दोस्त की हत्या; आरोपी गिरफ्तार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना कासना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने ही दोस्त की हत्या कर उसके पास मौजूद पीली धातु के कड़े हड़प लिए थे। इतना ही नहीं, हत्या के बाद उसने शव की पहचान मिटाने के लिए उसे आग के हवाले करने का भी प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना डंडा, तीन पीली धातु के कड़े तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को थाना कासना क्षेत्र के ग्राम चीरसी की नहर के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान बाद में हुजैफ पुत्र मुज्जमिल (23 वर्ष), निवासी ग्राम दौला राजपुर, थाना दनकौर, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया।
थाना कासना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, भौतिक साक्ष्यों और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। गहन पड़ताल के बाद 15 जून 2026 को पुलिस ने हत्या के आरोपी शहजाद उर्फ बिट्टू पुत्र तरीकत (19 वर्ष), निवासी ग्राम दौला राजपुर, थाना दनकौर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक हुजैफ और आरोपी शहजाद एक ही गांव के रहने वाले थे और दोनों के बीच दोस्ती थी। दोनों सूखे नशे के आदी थे। हुजैफ नया मोबाइल फोन खरीदने और एसी का कार्य शुरू करने के लिए अपने परिजनों से पैसों की मांग कर रहा था, लेकिन नशे की आदत के कारण परिजनों ने उसे पैसे देने से इनकार कर दिया था।
इसी दौरान हुजैफ ने कथित तौर पर अपनी मां के चार पीली धातु के कड़े चोरी कर लिए थे। इन कड़ों को बेचने की बात उसने शहजाद और अन्य साथियों को बताई थी। पुलिस के अनुसार, यहीं से आरोपी के मन में लालच पैदा हुआ और उसने कड़े हड़पने की नीयत से अपने दोस्त की हत्या की योजना बना ली।
घटना वाले दिन आरोपी शहजाद, हुजैफ को कड़े बिकवाने का झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर साथ ले गया। रास्ते में दोनों ने सूखे नशे का सेवन किया। इसके बाद आरोपी सुनसान स्थान की तलाश करता हुआ ग्राम चंद्रावल के पास नहर किनारे पहुंचा। वहां मौका पाकर उसने डंडे से हुजैफ के सिर पर वार कर दिया। हुजैफ के गिरने के बाद आरोपी ने उस पर कई प्रहार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी घटनास्थल से भाग निकला, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद उसे आशंका हुई कि कहीं हुजैफ जीवित न हो। इसके बाद वह दोबारा मौके पर लौटा और शव की पहचान मिटाने के उद्देश्य से अपनी मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालकर शव पर छिड़क दिया और उसमें आग लगा दी। आग की लपटें तेज होने पर उसे डर हुआ कि आसपास के लोग मौके पर पहुंच सकते हैं। इस कारण वह शव को नहर में फेंकने की योजना छोड़कर वहां से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना डंडा, मृतक के घर से चोरी किए गए तीन पीली धातु के कड़े तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: शहजाद उर्फ बिट्टू पुत्र तरीकत
उम्र: 19 वर्ष
निवासी: ग्राम दौला राजपुर, थाना दनकौर, गौतमबुद्धनगर
बरामदगी:
- हत्या में प्रयुक्त खून से लगा डंडा
- तीन पीली धातु के कड़े
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
पंजीकृत अभियोग:
थाना कासना में आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 121/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 238ए बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित जांच के आधार पर इस जघन्य हत्याकांड का मात्र तीन दिनों में खुलासा कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।।
