मऊ :
डॉ०भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में हुआ भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम।
दो टूक : 12-वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उपस्थित जनसमूह ने नरेंद्र मोदी के योग दिवस पर प्रसारित संबोधन को सुना।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन, मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, जनपद स्तरीय अधिकारीगण, तहसील एवं विकास खंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ए.के. शर्मा ने योग को भारत की विश्व को दी गई अमूल्य एवं अद्वितीय धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों के फलस्वरूप योग को वैश्विक स्तर पर व्यापक पहचान एवं सम्मान प्राप्त हुआ है। आज विश्व के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि एवं शरीर के समन्वय का सशक्त माध्यम है। महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित अष्टांग योग तथा श्रीमद्भगवद्गीता में वर्णित “योगः कर्मसु कौशलम्” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि योग का वास्तविक अर्थ अपने कर्तव्यों एवं दैनिक कार्यों को पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं दक्षता के साथ संपन्न करना है।
श्री शर्मा ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं, जिससे शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं आध्यात्मिक उन्नति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, समृद्ध एवं सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला है।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
