मऊ :
पुलिस लाइन में योग शिविर,पुलिस
कर्मियों ने लिया निरोग रहने का संकल्प।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन मऊ परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया।
योग शिविर में पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत परिवार के प्रशिक्षकों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं व्यायाम कराए। प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
योग प्रशिक्षकों ने कहा कि योग केवल बीमारियों के उपचार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवनशैली को बेहतर बनाकर अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं को दूर करने का प्रभावी साधन भी है। उन्होंने सभी उपस्थित पुलिसकर्मियों को दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्रा, क्षेत्राधिकारी लाइन सोम प्रकाश वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पतंजलि परिवार की ओर से धर्मेंद्र योगी, बलवंत कुमार, श्वेता पांडे एवं ममता यादव ने योग प्रशिक्षण में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया गया। वहीं जनपद मऊ के सभी थानों पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
"करें योग, रहें निरोग" के संदेश के साथ मऊ पुलिस ने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
● पुलिस लाइन में योग शिविर ।
