बुधवार, 22 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: पश्चिमी यूपी में 200 एकड़ में बनेगा भव्य परशुराम धाम, नोएडा में परशुराम भवन की घोषणा; गोवा में अवतरण दिवस पर ऐतिहासिक सात दिवसीय महोत्सव!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पश्चिमी यूपी में 200 एकड़ में बनेगा भव्य परशुराम धाम, नोएडा में परशुराम भवन की घोषणा; गोवा में अवतरण दिवस पर ऐतिहासिक सात दिवसीय महोत्सव!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। राष्ट्रीय परशुराम परिषद ने मंगलवार को नोएडा में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में करीब 200 एकड़ भूमि पर भव्य परशुराम धाम के निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया। परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करने के लिए सरकार और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ लगातार संवाद जारी है। साथ ही, नोएडा में भी परशुराम भवन निर्माण की घोषणा कर संगठन ने क्षेत्र में सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों को नई दिशा देने का संकेत दिया है।

प्रेस वार्ता के दौरान परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) विनय शर्मा ने बताया कि परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर गोवा में पहली बार आयोजित सात दिवसीय भव्य महोत्सव ने देशभर के श्रद्धालुओं को एक मंच पर जोड़ा है। गोवा सरकार और राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 19 से 25 अप्रैल तक चल रहे इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें हजारों लोगों की सहभागिता रही।

महोत्सव के अंतर्गत समुद्र तट पर भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष पहली बार भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसे अब नियमित रूप से आयोजित करने की योजना है। इस ऐतिहासिक आयोजन में गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दामू नाइक तथा परिषद के संस्थापक एवं पूर्व राज्य मंत्री सुनील भराला सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में लगभग 10 हजार लोगों ने सहभागिता की।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद शर्मा ने बताया कि भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उन्होंने अपने परशु से समुद्र को पीछे हटाकर गोवा (प्राचीन गोमंतक) और गोकर्ण क्षेत्र की रचना की थी, जिसके कारण यह क्षेत्र उनकी तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध है।

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक कथाएं, भजन-कीर्तन, यज्ञ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। परिषद ने यह भी स्पष्ट किया कि भगवान परशुराम से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर उनके जीवन मूल्यों, संस्कारों और समाज के प्रति उनके योगदान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री सुधीर कुमार शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता शिवानी सिंह, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आकांक्षा तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।।