रविवार, 8 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नोएडा पुलिस की अनोखी पहल, स्कूटी व पैदल रैली निकालकर दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नोएडा पुलिस की अनोखी पहल, स्कूटी व पैदल रैली निकालकर दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत नोएडा पुलिस द्वारा महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष स्कूटी एवं पैदल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से समाज में महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा को लेकर मजबूत संदेश दिया गया।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में रविवार को शासन की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे अभियान “मिशन शक्ति” के तहत यह विशेष रैली आयोजित की गई। रैली का नेतृत्व अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह ने किया।

रैली का शुभारंभ नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर-04 से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला पुलिस अधिकारी और महिला कर्मियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। महिला पुलिसकर्मी स्कूटी चलाते हुए तथा पैदल मार्च करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरीं और अंत में निर्धारित स्थल पर रैली का समापन किया गया।

इस अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों ने आमजन को मिशन शक्ति अभियान के बारे में जागरूक करते हुए महिलाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और समान अधिकारों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया। रैली के दौरान लोगों को यह भी बताया गया कि नोएडा पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई। इनमें डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन 181 के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह रैली मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने, नारी शक्ति के सम्मान को बढ़ावा देने और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई। महिला पुलिसकर्मियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग लेकर समाज को यह संदेश दिया कि नारी शक्ति आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है।