महिला सशक्तिकरण की दिशा में गौतमबुद्धनगर में विशेष पहल, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का हुआ सम्मान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 08 मार्च 2026।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर में विकास भवन सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने की। इस अवसर पर महिलाओं के सम्मान, उनके योगदान और सशक्तिकरण को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का विकास भवन सभागार में सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक देखा।
इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में अपनी विशेष पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को भी उनके सराहनीय कार्य, समर्पण और समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान पाकर सभी महिलाओं ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे अपने कार्यों के प्रति प्रेरणा का स्रोत बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि समाज के विकास और प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, सामाजिक सेवा और अन्य कई क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और देश व समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
उन्होंने उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और आगे बढ़कर नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार, प्रोबेशन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
