रविवार, 8 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न, 88 प्रतिशत छात्रों ने दी परीक्षा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न, 88 प्रतिशत छात्रों ने दी परीक्षा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 08 मार्च 2026।
दो टूक// उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित मण्डलीय प्रवेश परीक्षा रविवार को जनपद गौतमबुद्धनगर में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों सहित पात्र विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 88 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

अपर श्रमायुक्त गौतमबुद्धनगर राकेश द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि अटल आवासीय विद्यालयों में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र बच्चों को कक्षा 6 से 12 तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना है।

इसी क्रम में दिनांक 08 मार्च 2026 को मेरठ मंडल के अंतर्गत जनपद बुलंदशहर के ग्राम कौन्दू, तहसील सिकन्दराबाद में कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में प्रवेश के लिए मण्डलीय प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। जनपद गौतमबुद्धनगर से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों द्वारा कुल 253 आवेदन प्राप्त हुए थे। परीक्षा के लिए जनपद में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, होशियारपुर सेक्टर-51 नोएडा को परीक्षा केंद्र बनाया गया, जहां 222 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया। इस प्रकार कुल 88 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

परीक्षा जिला प्रशासन और श्रम विभाग की निगरानी में पूरी पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराई गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, सहायक श्रमायुक्त गौतमबुद्धनगर डॉ. सुरेश पाल सिंह तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपा भाटी सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते हुए छात्र-छात्राओं से परीक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों के लिए अल्प-पुष्टाहार और पेयजल की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रवेश परीक्षा प्रातः 11:00 बजे से प्रारम्भ होकर अपराह्न 1:30 बजे तक शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। जिला प्रशासन और श्रम विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्था को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।।