गौतमबुद्धनगर: माता पन्नाधाय गुजरी जयंती पर अस्तौली में भव्य स्वागत समारोह व संगोष्ठी आयोजित, समाज की एकता और उत्थान पर दिया गया जोर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
ग्रेटर नोएडा, 08 मार्च 2026।
दो टूक// ग्रेटर नोएडा: माता पन्नाधाय गुजरी के जन्मोत्सव के अवसर पर ग्राम अस्तौली, ग्रेटर नोएडा में एक भव्य स्वागत समारोह एवं समाज उत्थान विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नामित भाटी एवं अंकित भाटी द्वारा आर्य समाज मंदिर परिसर में किया गया, जिसमें अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के नवनियुक्त पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया तथा समाज के विकास, एकता और संगठन को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी ठेकेदार जलजीत भाटी ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया। अपने कुशल संचालन और संगठनात्मक क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले अशोक भाटी ने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाते हुए समाज को एकजुट रहने और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अस्तौली स्थित मां पन्नाधाय द्वार से ग्रामवासियों द्वारा पदाधिकारियों के स्वागत में डीजे के साथ भव्य पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा गांव माता पन्नाधाय के जयकारों और सामाजिक एकता के नारों से गूंज उठा।
आर्य समाज मंदिर पहुंचने पर ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं एवं सम्मान की पगड़ी बांधकर जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां पन्नाधाय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और उनके त्याग व बलिदान को स्मरण करते हुए किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व मंत्री तथा अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी उपस्थित रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश विकल, सविंदर भाटी, राष्ट्रीय सचिव पंकज रोजा, गुलजारीलाल नंदा तथा गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और समाजसेवी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि हरिश्चंद्र भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि माता पन्नाधाय की कथा त्याग, साहस और मातृत्व की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने बताया कि जब बनवीर उदयसिंह की हत्या के इरादे से महल में पहुंचा, तब पन्नाधाय ने अपने पुत्र चंदन को उदयसिंह के पलंग पर सुला दिया। बनवीर ने उसे उदयसिंह समझकर मार डाला और इस प्रकार पन्नाधाय ने अपने पुत्र का बलिदान देकर मेवाड़ के राजकुमार उदयसिंह की रक्षा की।
उन्होंने कहा कि पन्नाधाय का यह त्याग और बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। वे एक आदर्श माँ और वीरांगना थीं, जिन्होंने अपने देश, समाज और राजवंश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके बलिदान को इतिहास कभी भुला नहीं सकेगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने समाज को संगठित रहने, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि गुर्जर समाज को अपनी ऐतिहासिक विरासत और महान वीरों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने 14 मार्च को ग्रेटर नोएडा के बिरोंडा एछर स्थित रामलीला मैदान में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा आयोजित महान क्रांतिकारी वीर विजय सिंह पथिक जयंती कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में रूपचंद भाटी, प्रमोद भाटी, अमित भाटी, बिल्लू गुर्जर, गजेंद्र रेक्सवाल, सुधीर गुर्जर, कालूराम भाटी, गजराज ठेकेदार, देवेंद्र भाटी, योगेश भाटी, गिरिराज भाटी, तुर्मल भाटी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, युवा और ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समाज की एकता, संगठन और उत्थान के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।।
