गोण्डा- जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन आज किया गया। तहसील सदर गोण्डा में डीएम प्रियंका निरंजन व एसपी विनीत जायसवाल ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना। जनसुनवाई के दौरान यहां कुल 96 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें 5 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया है। शेष प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में बिना किसी सूचना के अनुपस्थित तथा विलम्ब पहुंचने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत खण्ड गोण्डा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला उद्यान अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र तथा उपनिदेशक कृषि को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए हैं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतलाल पटेल, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा, पुलिस क्षेत्राधिकारी शिल्पा वर्मा, तहसीलदार सदर गोण्डा मनीष कुमार, तहसीलदार अनुराग पाण्डे, नायब तहसीलदार चन्दन जायसवाल, जिला विकास अधिकारी एसके श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला प्रोवेशन अधिकारी एसके सोनी, उपनिदेशक कृषि पीके ठाकुर, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
