गौतमबुद्धनगर: शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार, 1.32 करोड़ की धोखाधड़ी से जुड़ा मामला!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक // ग्रेटर नोएडा।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खातों से देश के विभिन्न राज्यों में करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायतें जुड़ी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार 06 मार्च 2026 को थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए रईस पुत्र वहीद और जितेन्द्र कुमार पुत्र रुपचन्द को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खातों में लगभग 7.14 लाख रुपये की संदिग्ध धनराशि प्राप्त हुई है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी लोगों को शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक लाभ दिलाने का लालच देते थे। इसके लिए वे सोशल मीडिया, कॉल और मैसेज के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने के लिए प्रेरित करते थे।
पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि रईस साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को अपने बैंक खाते में प्राप्त करता था, जबकि जितेन्द्र कुमार अन्य लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनमें ठगी की रकम मंगाने का काम करता था। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क में और भी लोगों की संलिप्तता होने की आशंका है, जिनकी जांच की जा रही है।
साइबर क्राइम थाना में दर्ज मामलों की जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपियों के खातों के खिलाफ देश के कई राज्यों से कुल 17 शिकायतें दर्ज हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों के लोग साइबर ठगी का शिकार हुए हैं।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की साइबर क्राइम टीम अब पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
साइबर क्राइम से बचाव के लिए पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का लालच देने वाले अनजान कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया ग्रुप से सतर्क रहें। किसी भी अपरिचित लिंक, ऐप, टेलीग्राम या व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से निवेश करने से बचें। साथ ही किसी भी अनजान व्यक्ति के बैंक खाते या UPI पर पैसे ट्रांसफर न करें और OTP, पासवर्ड व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकता है या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकता है।।
