गौतमबुद्धनगर: जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन गंभीर, संपूर्ण समाधान दिवस में 127 शिकायतें दर्ज; 12 का मौके पर निस्तारण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 07 मार्च 2026।
दो टूक// जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों—जेवर, दादरी और सदर—में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने जनसुनवाई करते हुए शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। कुल 127 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 12 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
तहसील जेवर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 शिकायत का मौके पर ही समाधान किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने जनसामान्य की समस्याओं का गंभीरता से अनुश्रवण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, पुलिस विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं तहसील दादरी में अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 बच्चू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 86 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इसी क्रम में तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 6 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए शासन और प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।।
