सुल्तानपुर :
धोपाप धाम के विकास को मिली दो करोड़ की सौगात।।
●रवीन्द्र त्रिपाठी का सतत प्रयास रंग लाया।
दो टूक : सुलतानपुर। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री एवं धोपाप उन्नयन सेवा समिति के अध्यक्ष रवीन्द्र त्रिपाठी के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से की गई मुलाकात का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। धोपाप धाम के समग्र विकास के लिए दो करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
विस्तार :
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री एवं धोपाप उन्नयन सेवा समिति के अध्यक्ष रवीन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि जनपद सुलतानपुर की लंभुआ तहसील अंतर्गत स्थित ऐतिहासिक तीर्थ स्थल धोपाप धाम में प्रतिवर्ष जेठ दशहरा के अवसर पर लाखों श्रद्धालु स्नान एवं पूजन हेतु आते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम ने लंका विजय के उपरांत इसी स्थल पर स्नान एवं दीपदान किया था।
उन्होंने कहा कि वर्षों से उपेक्षित इस तीर्थ स्थल को अब पर्यटन विभाग की विकास सूची में सम्मिलित कर लिया गया है। शीघ्र ही कार्य दाई संस्था सी& डी एस तकनीकी टीम द्वारा स्थल का सर्वे कराया जाएगा और विकास कार्य प्रारंभ होंगे।
प्रमुख कार्य प्रस्तावित।
●तीर्थ स्थल तक सुगम मार्ग का निर्माण
●पक्के स्नान घाटों का विकास
●पेयजल व मूलभूत सुविधाएँ
●जर्जर भवनों का सौंदर्यीकरण
●जेठ दशहरा मेले के लिए बजट
●अतिथि गृह का निर्माण
इस अवसर पर श्री त्रिपाठी ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए अंतरराष्ट्रीय कथावाचक श्री दिलीप कृष्ण भारद्वाज तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल जी भाई साहब के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने कहा कि धोपाप धाम के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा तथा क्षेत्र के व्यापार को नई गति प्राप्त होगी।
