रविवार, 15 फ़रवरी 2026

मऊ :सड़क दुर्घटनाओं पर DM सख्त,जांच टीमें गठित,जिम्मेदार पर होगी कार्रवाई।।||Mau:DM takes strict action on road accidents, forms investigation teams, and takes action against those responsible.||

शेयर करें:
मऊ :
सड़क दुर्घटनाओं पर DM सख्त,जांच टीमें गठित,जिम्मेदार पर होगी कार्रवाई।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। गत शनिवार दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।
मोहम्मदाबाद गोहाना क्षेत्र में उल्टी दिशा से तेज रफ्तार आ रहे डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत के मामले में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक को संयुक्त जांच अधिकारी नामित किया है। जांच में डंपर की वैधता, खनन विभाग व संबंधित थाने की भूमिका सहित अन्य बिंदुओं की पड़ताल की जाएगी।
इसके अतिरिक्त अपर उप जिलाधिकारी व सीओ ट्रैफिक को जनपद में होने वाली प्रत्येक सड़क दुर्घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। यह टीम सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर दुर्घटनाओं के कारणों का निर्धारण करेगी तथा जिम्मेदारी तय कर संबंधित विभागों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
जांच टीम सड़क किनारे अतिक्रमण, दुर्घटना को बढ़ावा देने वाले होर्डिंग-बैनर, सड़क पर गिट्टी-बालू, निर्माण एजेंसियों द्वारा साइनेज बोर्ड, रोड मार्किंग, रंबल स्ट्रिप व स्पीड ब्रेकर की स्थिति, साथ ही पीडब्ल्यूडी व वन विभाग द्वारा दृश्यता बाधित करने वाले पेड़-पौधों व झाड़ियों की जांच करेगी।
ज्ञात हो कि सड़क सुरक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन व खनन विभाग तथा संबंधित थानों को बिना वैध परमिट डंपर संचालन पर रोक, तेज गति पर नियंत्रण व ट्रैफिक नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए थे। निर्देशों के अनुपालन में कमी के कारण थाना सरायलखंसी क्षेत्र के नरसिंहपुर पालीगढ़ निवासी राहुल कुमार की चिरैयाकोट के मनाजीत गांव बाईपास मार्ग पर दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों की जवाबदेही तय करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।