बुधवार, 25 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में चोरों का आतंक: दादरी थाना क्षेत्र में बंद घर से लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में चोरों का आतंक: दादरी थाना क्षेत्र में बंद घर से लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार अपने चाचा की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो गए।

जब परिवार शादी समारोह से लौटकर घर पहुंचा तो दरवाजे का टूटा ताला और अंदर बिखरा पड़ा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची दादरी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। लोगों का आरोप है कि इलाके में नियमित पुलिस गश्त नहीं हो रही है, जिसके चलते चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

फिलहाल दादरी थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।।