गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दबंगों का कहर: छात्रों पर बेरहमी से हमला, CCTV में कैद वारदात से दहशत!!
नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल, लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में रोष
दो टूक// ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामले में आधा दर्जन के करीब दबंग युवकों ने कुछ छात्रों को घेरकर लात-घूंसे से बेरहमी से पीटा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने छात्रों को चारों ओर से घेर लिया और लगातार मारपीट करते रहे।
मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान पास में खड़े एक युवक ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और किसी तरह छात्रों को दबंगों के चंगुल से छुड़ाया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
मारपीट की यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग छात्रोें पर हमला कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
लगातार बढ़ रही हैं घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में आए दिन मारपीट और दबंगई की घटनाएं सामने आ रही हैं। क्षेत्र में बड़ी संख्या में कॉलेज, कोचिंग संस्थान और छात्रावास हैं, जहां हजारों छात्र रहते हैं। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं से अभिभावकों और छात्रों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
पुलिस से संपर्क की कोशिश नाकाम
घटना के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए नॉलेज पार्क थाना के सरकारी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन थाना प्रभारी द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि जब इस तरह की गंभीर घटनाओं पर भी जिम्मेदार अधिकारी फोन न उठाएं तो आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा।
सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है।।
