बुधवार, 4 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: जन औषधि केन्द्र की तर्ज पर खुलेंगे पशु औषधि केन्द्र, पशुपालकों को सस्ती दरों पर मिलेगी दवा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जन औषधि केन्द्र की तर्ज पर खुलेंगे पशु औषधि केन्द्र, पशुपालकों को सस्ती दरों पर मिलेगी दवा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 04 फरवरी 2026।
दो टूक// पशुपालकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण पशु दवाइयाँ उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र की तर्ज पर अब जनपद के प्रत्येक विकास खण्ड में पशु औषधि केन्द्र खोले जाएंगे, जिससे पशुपालकों को कम कीमत पर पशुओं की आवश्यक दवाइयाँ आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक विकास खण्ड में एक पशु औषधि केन्द्र स्थापित किया जाएगा। इच्छुक आवेदकों को आवेदन के साथ फार्मासिस्ट का नाम एवं उसका वैध पंजीकरण विवरण, दुकान के लिए न्यूनतम 120 वर्ग फुट स्थान का प्रमाण पत्र तथा ड्रग सेल लाइसेंस अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कृषक समृद्धि केन्द्र एवं सहकारी समितियों से जुड़े योग्य लाभार्थियों को इस योजना में प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को अधिकतम लाभ मिल सके। यह पशु औषधि केन्द्र भारत सरकार की पशुधन स्वास्थ्य एवं बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम (LHDCP) के अंतर्गत संचालित किए जाएंगे।

पशु औषधि केन्द्र खोलने के इच्छुक आवेदकों को ₹5000 का आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिसके लिए इच्छुक अभ्यर्थी http://pashuaushadhi.dahd.gov.in वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

इस योजना के लागू होने से पशुपालकों को न केवल सस्ती दवाइयाँ मिलेंगी, बल्कि पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी, जिससे दुग्ध उत्पादन और पशुधन आधारित आजीविका को मजबूती मिलेगी।।