गौतमबुद्धनगर: शादी समारोह में खूनी संघर्ष: दादरी पुलिस की सख़्त कार्रवाई, 12 अभियुक्त गिरफ्तार, इनामी बदमाश भी दबोचे गए!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा दादरी थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर फतेहपुर में एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी और हिंसा में बदल गया, जब बारात के दौरान पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चल गए। इस सनसनीखेज घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में कराया गया।
घटना का विवरण
दिनांक 23 जनवरी 2026 को ग्राम रामपुर फतेहपुर निवासी धर्मपाल सिंह पुत्र देशराज कसाना की पुत्री की शादी थी। इस विवाह समारोह में ग्राम जगनपुर, थाना दनकौर से बारात आई थी। कार्यक्रम के दौरान ग्राम जगनपुर के लीला, बलवीर, तेजपाल, सतवीर आदि अपने अन्य साथियों के साथ एक राय होकर बारात में शामिल देवेंद्र, उसके पिता देशराज एवं उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज करने लगे और देखते ही देखते लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में देवेंद्र, वीरेंद्र, राजेंद्र, देशराज, जगदीश व अजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
मुकदमा दर्ज, ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां
वादी की तहरीर के आधार पर थाना दादरी पर दिनांक 24 जनवरी 2026 को मु0अ0सं0 40/26 अंतर्गत गंभीर धाराओं में 34 नामजद व 10–15 अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने चरणबद्ध कार्रवाई करते हुए अलग-अलग तिथियों में कुल 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसमें 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त लीला पुत्र जगपाल तथा 10–10 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त गजब सिंह और राजू उर्फ राजपाल की गिरफ्तारी भी शामिल है।
शेष अभियुक्तों की तलाश जारी
पुलिस द्वारा शेष वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी कर दिए गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
दादरी पुलिस की इस त्वरित और सख़्त कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश गया है कि शादी जैसे पवित्र समारोह में हिंसा फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।।
