गुरुवार, 5 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में मां-बेटे के रिश्ते को किया कलंकित करने वाला अपराध!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में मां-बेटे के रिश्ते को किया कलंकित करने वाला अपराध!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

खाना देने में देरी पर बेटे ने मां के सिर पर लोहे की परात मारकर की हत्या, मानसिक रूप से बीमार आरोपी हिरासत में

दो टूक// ग्रेटर नोएडा।
ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत दयौरार गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया। खाना देने में देरी होने पर मानसिक रूप से बीमार बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय रुक्मिणी देवी पर उनके बेटे किशन ने लोहे की परात (तसला) से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक रुक्मिणी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा किशन मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज एक मेंटल हॉस्पिटल में चल रहा था। घटना के समय घर में खाना देने को लेकर मामूली कहासुनी हुई, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठी।

घटना की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं।

इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।