गुरुवार, 5 फ़रवरी 2026

लखनऊ :नहर में उतराता मिला एक युवक का अर्धनग्न अवस्था में शव।।||Lucknow:The semi-naked body of a young man was found floating in a canal.||

शेयर करें:
लखनऊ :
नहर में उतराता मिला एक युवक का अर्धनग्न अवस्था में शव।।
भाई की ससुराल आया था मृतक ।।
दो टूक : लखनऊ के थाना नगराम क्षेत्रांतर्गत हसनपुर पुलिया के पास गुरुवार सुबह नहर में एक युवक का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से ग्रामीणों की भीड़़ जुट गई सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकलवाया। शिनाख्त के बाद विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार दिनांक 05.02.2026 को प्रातः लगभग 09:00 बजे थाना नगराम पर ग्राम हसनपुर से सूचना प्राप्त हुई कि गांव के पास स्थित माइनर नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही थाना स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची तथा आसपास मौजूद ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय निवासियों से जानकारी की गई। पूछताछ एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मृतक की प्रथमदृष्टया पहचान शैलेंद्र कुमार पुत्र गंगा प्रसाद निवासी पान कुंवर खेड़ा, हिलौली, थाना मौरावां जनपद उन्नाव उम्र लगभग 26 वर्ष के रूप में हुई है परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अविवाहित था। मृतक की भाभी का मायका ग्राम कनेरी थाना नगराम लखनऊ में है जिनके यहां वह पूर्व में भी आता-जाता रहा है। मृतक के परिवार में उसकी माता एवं दो बड़े भाई (दोनों विवाहित) हैं।
शव के बाह्य निरीक्षण में प्रथमदृष्टया शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। विधिक प्रक्रिया के तहत शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है।

घटनास्थल के निरीक्षण तथा उपलब्ध प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर *प्रथमदृष्टया यह प्रतीत होता है कि मृतक नशे की अवस्था में नित्यक्रिया के पश्चात स्वच्छ होने हेतु माइनर नहर में उतरा, जहां संतुलन बिगड़ने के कारण फिसलकर वह मुंह के बल गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।* घटनास्थल पर मृतक की पैंट कमर से नीचे उतरी हुई अवस्था में पाई गई। 

ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक नशे का आदी था तथा पूर्व में भी उक्त गांव में नशे की हालत में आने-जाने की बात सामने आई है। बताया गया कि वह प्रायः सुबह से ही शराब का सेवन करता था तथा नशे की स्थिति में अभद्र भाषा का प्रयोग करता था।
फिलहाल, प्रकरण में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।