सुल्तानपुर :
शहर में जाम से जनता त्रस्त,छात्रों संग आंदोलन की चेतावनी।।
हथियानाला पर बनेगा नया विद्युत शव दाह गृह: विधायक विनोद सिंह।
दो टूक : सुल्तानपुर शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था और रोज़ाना लग रहे जाम को लेकर रविवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में शहर विधायक व पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने प्रशासन को सख्त अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई,तो 10 हजार विद्यार्थियों के साथ सड़कों पर उतरकर जनआंदोलन किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि जाम अब केवल असुविधा नहीं, बल्कि जन-जीवन का गंभीर संकट बन चुका है। अवैध अतिक्रमण के कारण सड़कें सिकुड़ गई हैं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यदि ईमानदारी से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए,तो शहर को स्थायी राहत मिल सकती है।
विनोद सिंह ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सुल्तानपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी के गठन की मांग की है। इस मुद्दे को मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात में भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक का कहना है कि विकास प्राधिकरण के बिना अव्यवस्थित निर्माण और अतिक्रमण पर नियंत्रण संभव नहीं है।
प्रेस कांफ्रेंस में विधायक ने कुछ अधिकारियों पर ‘वीसी’ या ‘मीटिंग’ के बहाने जनता और जनप्रतिनिधियों से दूरी बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डर के माहौल में प्रशासन नहीं चलता, जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देना अधिकारियों का दायित्व है।
विधायक ने यह भी जानकारी दी कि बल्दीराय तहसील के 57 गांवों को सदर तहसील में शामिल कर लिया गया है।उन्होंने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि इससे ग्रामीणों को प्रशासनिक सहूलियत मिलेगी तथा विकास योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
शहर से जुड़ी अन्य योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने बताया कि विनोबा पुरी मोहल्ले के हथियानाला पर नया विद्युत शवदाहगृह बनाए जाने को लेकर शासन स्तर पर बातचीत चल रही है। ठेला-खोमचा और अवैध अतिक्रमण को एक स्थान पर व्यवस्थित करने की तैयारी की जा रही है। रोडवेज बस स्टेशन को शहर से बाहर स्थानांतरित करने और मजदूर मंडी को फ्लाईओवर के नीचे स्थापित करने के प्रयास तेज हैं,जिनमें पूर्व सांसद मेनका गांधी के पुराने प्रयासों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
अंत में विधायक ने दोहराया कि अब केवल कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा। यदि समय रहते जमीन पर कार्रवाई नहीं हुई,तो छात्र, युवा और आम नागरिकों के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर की जनता अब जाम में फंसकर परेशान नहीं होना चाहती।
