गौतमबुद्धनगर: नोएडा में दबंगों का तांडव, गर्ल्स हॉस्टल के बाहर लाठी-डंडों से तोड़फोड़, वीडियो वायरल!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: ग्रेटर नोएडा।
उत्तर प्रदेश की “शो विंडो” कहे जाने वाले नोएडा शहर में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आ रहे हैं कि कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती दी जा रही है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल के बाहर दबंगों ने बेखौफ होकर जमकर उत्पात मचाया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दबंग लाठी-डंडों से लैस होकर हॉस्टल के बाहर पहुंचे और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। काफी देर तक हंगामा चलता रहा, लेकिन घटना के दौरान पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों और छात्राओं में भय और आक्रोश देखने को मिला। हॉस्टल के बाहर इस तरह की गुंडागर्दी ने छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दबंगों की दबंगई साफ तौर पर देखी जा सकती है। वायरल वीडियो में दबंग बेखौफ होकर तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं, मानो उन्हें कानून का कोई डर ही न हो।
वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र अंतर्गत नॉलेज पार्क इलाके का है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल सवाल यह है कि जब नोएडा जैसे हाई-प्रोफाइल शहर में गर्ल्स हॉस्टल के बाहर इस तरह की अराजकता हो सकती है, तो आम लोगों और छात्राओं की सुरक्षा कितनी सुरक्षित है? स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।।
