गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में लिव-इन पार्टनर की हत्या, घरेलू हिंसा बनी वजह !!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: ग्रेटर नोएडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही मणिपुर की एक युवती ने अपने दक्षिण कोरियाई प्रेमी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती अपने प्रेमी की लगातार मारपीट और शराब के नशे में किए जाने वाले उत्पीड़न से परेशान थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मणिपुर निवासी लुंजेना पमाई के रूप में हुई है, जबकि मृतक की पहचान दक्षिण कोरियाई नागरिक डक ही यू के रूप में की गई है। मृतक एक नामी मोबाइल कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। दोनों ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइड वेज सोसायटी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
पूछताछ में आरोपी युवती ने पुलिस को बताया कि डक ही यू अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आकर युवती ने चाकू से उसके सीने पर वार कर दिया, जो काफी गहरा था।
घटना के बाद आरोपी युवती खुद घायल प्रेमी को लेकर ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल पहुंची, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने डक ही यू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना नॉलेज पार्क थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का कहना है कि उसका इरादा प्रेमी की हत्या करने का नहीं था, बल्कि वह गुस्से में आकर यह कदम उठा बैठी। पुलिस ने मौके से कई अहम सबूत भी बरामद किए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और घरेलू हिंसा के एंगल से भी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।।
