शनिवार, 3 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: सेंट्रल नोएडा में पुलिस का सुरक्षा मार्च, एडीसीपी ने किया फुट पेट्रोलिंग का निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेंट्रल नोएडा में पुलिस का सुरक्षा मार्च, एडीसीपी ने किया फुट पेट्रोलिंग का निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से सेंट्रल नोएडा जोन में सघन सुरक्षा अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शक्ति मोहन अवस्थी के पर्यवेक्षण में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री संतोष कुमार ने एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा श्री राजीव कुमार गुप्ता व अन्य पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-142 क्षेत्र में बाजारों, प्रमुख सड़कों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों के आसपास पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान एडीसीपी ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए और संदिग्ध प्रतीत होने वाले प्रत्येक व्यक्ति व वाहन को रोककर गहन चेकिंग की जाए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।

इसके साथ ही सभी पीसीआर व पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए, ताकि क्षेत्र में किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने का भरोसा जताया जा रहा है।