शनिवार, 3 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: अवैध खनन पर प्रशासन का सख्त प्रहार, 33 वाहन सीज, लाखों का जुर्माना!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: अवैध खनन पर प्रशासन का सख्त प्रहार, 33 वाहन सीज, लाखों का जुर्माना!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: गौतमबुद्धनगर में अवैध खनन और उपखनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देशों पर खनन विभाग ने दिसंबर 2025 से लेकर 02 जनवरी 2026 तक लगातार अभियान चलाकर खनन माफियाओं पर शिकंजा कसा है।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान जेवर, दादरी, दनकौर और कासना सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से उपखनिज का परिवहन करते हुए 33 वाहनों को पकड़ा गया। इन सभी वाहनों को संबंधित थानों में निरुद्ध करते हुए कुल 12 लाख 39 हजार 730 रुपये का जुर्माना लगाकर वसूली की गई।

इसी क्रम में 02 जनवरी 2026 को डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार दादरी और खान अधिकारी गौतमबुद्धनगर की संयुक्त टीम ने ग्राम रायपुर खादर (तहसील दादरी) स्थित खनन पट्टा क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान नदी की जलधारा में अवैध खनन के स्पष्ट साक्ष्य मिलने पर संबंधित के खिलाफ 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू की गई।

जिला खनन अधिकारी उत्कर्ष त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस सख्ती से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।।