मंगलवार, 23 दिसंबर 2025

गोण्डा- राष्ट्रीय किसान दिवस पर किसानों को मिली नई दिशा, पानी संस्था द्वारा कार्बन किसान कनेक्ट परियोजना के तहत इटियाथोक क्षेत्र मे कार्यक्रम आयोजित

शेयर करें:
गोण्डा- राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर पानी संस्था द्वारा संचालित कार्बन किसान कनेक्ट परियोजना के तहत मंगलवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन इटियाथोक ब्लाक के पुरे बसालत मे किया गया। यह दिवस हमें उस अन्नदाता की भूमिका की याद दिलाता है, जिसके बिना देश की अर्थव्यवस्था आधी अधूरी है। कार्यक्रम में इलाक़ाई किसानों के साथ- साथ एरिया कोऑर्डिनेटर कपीश जायसवाल, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अजय सिंह, आदित्य यादव एलआरपी, अमरेन्द्र कुमार वर्मा, सुभाष चौरसिया, अजय वर्मा, संजय तिवारी, सुधांजली शुक्ला, अनीता वर्मा तकनीकी टीम एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को राष्ट्रीय किसान दिवस (23 दिसंबर) के महत्व के साथ-साथ मिट्टी परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, जैविक खेती एवं कार्बन फार्मिंग के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर किसानों को सब्जी बीज सामग्री का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना टीम द्वारा मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन पर प्रस्तुति के साथ हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि स्वस्थ मिट्टी न केवल फसल उत्पादन बढ़ाती है, बल्कि जल संरक्षण, पोषक तत्वों के संतुलन तथा कार्बन संचयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आयोजन मे किसानों को मृदा नमूना लेने की सही विधि, मिट्टी परीक्षण रिपोर्ट पढ़ने तथा फसल-आधारित उर्वरक अनुशंसाओं की जानकारी दी गई।
विशेष तकनीकी सत्र में जीरो टिलेज, डीएसआर विधि, इंटरक्रॉपिंग एवं जैव उर्वरकों जैसे ट्राइकोडर्मा, पीएसबी और जीवामृत के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन बढ़ाने की तकनीकों को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों के बीच मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जागरूकता सामग्री तथा जैविक खेती अपनाने हेतु मार्गदर्शन नोट्स वितरित किए गए। किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने से फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
कार्यक्रम के समापन पर पानी संस्था की टीम ने किसानों को कार्बन किसान कनेक्ट परियोजना में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया तथा सतत कृषि एवं मिट्टी संरक्षण को अपनी खेती का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।। गोण्डा से प्रदीप पांडे की रिपोर्ट।।