लखनऊ :
दो भीषण सड़क हादसे, तीन की मौत, छह घायल।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में शनिवार की रात और सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। मलिहाबाद के मोहान रोड पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में आठ वर्षीय मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। वहीं बीबीडी थाना क्षेत्र के किसान पथ पर ट्रक और डंपर की भीषण टक्कर में ट्रक क्लीनर की जान चली गई, जबकि चालक घायल हो गया। दोनों हादसों में कुल तीन लोगों की मौत और छह लोग घायल हुए हैं।
विस्तार :
पहली दुर्घटना शनिवार देर रात करीब एक बजे मलिहाबाद थाना क्षेत्र के मोहान रोड पर ग्राम पुरवा के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, उन्नाव के हसनगंज थाना क्षेत्र के कुईया मदारपुर निवासी लोग रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में शादी समारोह में शामिल होकर मारुति ओमिनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही होंडा सिटी कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ओमिनी चालक रामजी उर्फ अमित कुमार (20) और प्रिया (8) की मौत हो गई, जबकि दयावती, आशिक, सरोज कुमारी, आनन्द और दीपांशी घायल हो गए। टक्कर के बाद होंडा सिटी कार का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची मलिहाबाद पुलिस ने घायलों को सीएचसी मलिहाबाद पहुंचाया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।
दूसरा हादसा शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे बीबीडी थाना क्षेत्र के किसान पथ पर सलारगंज मोड़ के निकट ओवरब्रिज के पास हुआ। यहां ट्रक और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का क्लीनर खुर्शीद अहमद (26) केबिन में फंस गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से उसे बाहर निकलवाया। हादसे में ट्रक चालक जमालुद्दीन (48) भी घायल हो गया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान क्लीनर खुर्शीद अहमद की मौत हो गई। चालक का इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों हादसों में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)